सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: जिम्मेदारियों के बीच रविवार की शाम झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कुछ पल प्रकृति की गोद में बिताए। जी हां,अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ मुख्यमंत्री रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित राज्य के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात भी की।मुख्यमंत्री अंदाज एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। सुरक्षा घेरे के बीच भी उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की, उनकी समस्याओं और क्षेत्र की स्थिति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और कल्पना सोरेन ने स्थानीय फलों का स्वाद भी लिया और कुछ समय झरने की हरी भरी वादियों में बिताया।
*सीएम ने सोशल मीडिया पर साझा किए अनुभव*
जोन्हा फॉल की खूबसूरती का दीदार करने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी भरी वादियों के बीच कुछ पल बिताने का अवसर मिला। यहां स्थानीय फलों का आनंद लेने के साथ ग्रामीणों से बातचीत भी हुई।उन्होंने कहा कि प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि "झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है।"
*प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश*
वहीं,मुख्यमंत्री ने झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे धरोहर केवल राज्य की पहचान ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य विरासत भी है। इसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि झारखंड का हर इलाका अपनी अलग प्राकृतिक खूबसूरती और सांस्कृतिक विविधता से लोगों का स्वागत करता है।
*पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील*
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने देशभर के पर्यटकों को झारखंड आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य की यह अनुपम धरती प्राकृतिक सौंदर्य, झरनों, जंगलों और पहाड़ों से समृद्ध है। यहां आने वाला हर सैलानी प्रकृति के अलग अलग रंगों का अनुभव कर सकता है। उन्होंने सभी पर्यटकों का स्वागत करते हुए अपने संदेश का समापन "जोहार" के साथ किया।