दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

ओलंपिक दिवस के अवसर पर 23 जून को जामताड़ा जिला खेल कार्यालय के निर्देश पर डे बोर्डिंग ताइक्वांडो सेंटर, मिहिजाम में ताइक्वांडो प्रतियोगिता एवं जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और ओलंपिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी एवं जिला खेल समन्वयक अमित साव ने खिलाड़ियों के साथ अपने खेल अनुभव साझा किए। उन्होंने ओलंपिक दिवस के महत्व को समझाते हुए बताया कि ओलंपिक सिर्फ पदक की दौड़ नहीं, बल्कि उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की प्रेरणा दी और कहा कि मैदान पर सीखी गई लगन और मेहनत जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी बनती है। प्रतियोगिता में सेंटर के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर अपने कौशल का परिचय दिया। मुकाबले रोमांचक रहे और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विजेता खिलाड़ियों को जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रशिक्षक विजय विश्वकर्मा और इदरीश की मेहनत की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। निर्णायक की भूमिका में नेशनल रेफरी अमर बावरी, ज्योति कुमारी, सुमन कुमारी और इफ्तिकार अंसारी रहे। उनके निष्पक्ष निर्णय से प्रतियोगिता पारदर्शी और सफल रही।कार्यक्रम को सफल बनाने में आर. के. प्लस टू हाई स्कूल, मिहिजाम के प्रधानाचार्य विश्वजीत लायक और पर्यटन विशेषज्ञ सूरज गुप्ता का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ जीवन में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।