गोवर्धन रजक/ धनबाद(पूर्वी टुंडी):धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय परिसर में आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यालय के कामकाज के दौरान अचानक एक अत्यंत विषैला कोबरा सांप निकल आया। चिलचिलाती धूप और काम के दबाव के बीच सांप के दिखने से कर्मियों और वहां मौजूद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। चूंकि कार्यालय में भारी भीड़ थी, इसलिए एक छोटी सी चूक किसी की जान पर भारी पड़ सकती थी।
सांप निकलने की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने बिना समय गंवाए स्थिति को अपने नियंत्रण में ले लिया। उन्होंने न केवल भीड़ को सांप से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी, बल्कि तुरंत सर्प विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को फोन कर मौके पर बुलाया। जब तक रेस्क्यू टीम के सदस्य हारून वहां नहीं पहुंचे, अधिकारी खुद मौके पर डटे रहे और पूरी स्थिति की निगरानी करते रहे। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम के हारून द्वारा उस विषैले कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही कार्यालय कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने चैन की सांस ली।