सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

गोड्डा/ रांची:गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को आयोजित मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का उद्घाटन राज्य की ग्रामीण विकास, मंत्री  दीपिका पाण्डेय सिंह द्वारा किया गया। बता दें,जिला प्रशासन, गोड्डा एवं प्रखंड कार्यालय, मेहरमा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था।

राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के प्रत्येक नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है- दीपिका पाण्डे सिंह

मौके पर मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के न्याय, सम्मान और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि न्याय किसी विशेष वर्ग का अधिकार नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को प्रदत्त समान अधिकार है। अपने संदेश में उन्होंने बताया कानून तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

कानूनी सशक्तिकरण शिविर लोगों को जागरूक करने के दिशा में अच्छी पहल

मंत्री दीपिका पाण्डे सिंह ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग अपने कानूनी अधिकारों का उपयोग नहीं कर पाते हैं। ऐसे में इस तरह के कानूनी सशक्तिकरण शिविर लोगों को जागरूक करने, उन्हें विधिक सहायता उपलब्ध कराने और न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की गई, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल सके। उन्होंने नागरिकों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति पत्रों का किया वितरण

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं स्वीकृति पत्रों का वितरण किया गया। अबुआ आवास योजना के लाभुकों का गृह प्रवेश कराया गया। स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं को क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा पात्र लाभुकों को राशन कार्ड, श्रम कार्ड सहित अन्य लाभ वितरित किए गए।कार्यक्रम में छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए साइकिलें वितरित की गईं, जबकि दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराकर उनके आत्मनिर्भर जीवन को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श की भी व्यवस्था की गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।

हर वर्ग ने लिया कार्यक्रम में हिस्सा

मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को निःशुल्क विधिक परामर्श, उनके अधिकारों की जानकारी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।अपने संबोधन के अंत में मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन के माध्यम से प्रत्येक नागरिक तक न्याय, अधिकार, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के जनहितकारी शिविर समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ नागरिकों और शासन के बीच विश्वास को और मजबूत करेंगे।