बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया
बिरनी प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में अंचल अधिकारी संदीप कुमार मधेशिया विभिन्न पंचायतों एवं गांवों का दौरा कर बीएलओ (BLO) और ग्रामीणों के साथ बैठक कर अभियान की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
दौरे के दौरान अंचल अधिकारी ने ग्रामीणों को SIR अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया और महत्व से अवगत कराते हुए बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं तथा बीएलओ के साथ पूर्ण सहयोग करें, ताकि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करें, आवश्यक प्रपत्र भरवाएं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें। इस दौरान ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान भी किया गया और उन्हें अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी गईं।
प्रशासन का कहना है कि SIR अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सही, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।