स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को जिला अध्यक्ष ई. शशि भूषण राय (गप्पू राय) की अध्यक्षता में मोतिहारी के डाकबंगला चौराहे से विजय मार्च निकाला गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों, युवाओं और लोकतंत्र की जीत बताते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम करार दिया। विजय मार्च डाकबंगला के समीप महाराणा प्रताप की प्रतिमा से प्रारंभ होकर मीना बाजार चौक तक निकाला गया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ई. शशि भूषण राय ने कहा कि यह देश के करोड़ों छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और उन परिवारों की जीत है, जिन्होंने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के नेतृत्व में नीट (NEET) पेपर लीक मामले के पहले दिन से ही शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, जवाबदेही तय करने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर संसद से लेकर सड़क तक लगातार संघर्ष किया।
श्री राय ने कहा कि यह सत्य की जीत और सरकार के अहंकार की हार है। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री देश के युवाओं से माफी मांगें, छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज एवं पेलेट गन के इस्तेमाल की घटनाओं की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करें तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है तथा लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने के किसी भी प्रयास का पूरी दृढ़ता से विरोध करती रहेगी।
विजय मार्च में संगठन प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रो. विजय शंकर पाण्डेय, अहमद अली, राज कुमार यादव, हरि किशोर पटेल, महेन्द्र पाठक, मो. खलिलुर्रहमान, मदन प्रसाद, अजय कुमार झा, मो. नेयाज अहमद, अनील कुमार सिंह, मो. अजहर हुसैन अंसारी, विश्वनाथ कुमार श्रीवास्तव, रमेश श्रीवास्तव, विश्वनाथ चौरसिया, राजकुमार अंजुमन, सुमन सिंह, शुभम कुमार, अवनीश कुमार, अफरोज आलम, मन्नू मिश्रा, कैलाश यादव, प्रिंस मिश्रा, मो. रोमा खान, अवध किशोर सिंह, नवल किशोर शुक्ल, ललन कुमार, गणेश केसरी, मो. मोख्तार आलम, रामप्रवेश तिवारी, ब्रजेश तिवारी, पप्पू रंजन मिश्रा, रंजन उपाध्याय, रंजन सहनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।