सरायकेला: अपनी ही सरकार होने के बावजूद मजदूरों के अधिकारों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा सोमवार को सड़क पर उतर आया। गम्हरिया स्थित विजय श्री ऑटो लिमिटेड कंपनी के मुख्य द्वार पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों के शोषण, न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने, पीएफ-ईएसआई से वंचित रखने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया गया।भोमरा माझी ने कहा कि कंपनी में मजदूरों से आठ घंटे काम कराकर मात्र 330 रुपये का भुगतान किया जा रहा है, जो निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से काफी कम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मजदूरों को पीएफ और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। दुर्घटना होने पर समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं की जाती और सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए जाते। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में शिकायत के बावजूद प्रबंधन मनमानी कर रहा है।झामुमो नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक कंपनी प्रबंधन बाहर आकर सार्वजनिक रूप से वार्ता नहीं करेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राज्य के श्रम मंत्री दीपक बिरुआ से मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की। प्रदर्शन को देखते हुए कंपनी के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई थी।धरने में नगर अध्यक्ष बीरेंद्र नाथ प्रधान, कृष्णा महतो, बबलू प्रधान, शंकर मुखी, मंगल माझी, मुन्ना मंडल, कृष्ण बास्के, राम महतो, राजेश गोप, अनिल सोरेन, देबाशीष प्रधान, उदय मारडी समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।