रफ्तार मीडिया पलामू:- जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को मनातू स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक, खेलकूद एवं छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में आयोजित इंटर हाउस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। खो-खो प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्होंने खेल भावना, अनुशासन एवं नियमित अभ्यास के महत्व पर बल दिया और कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने छात्रावास एवं मेस का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता के मानकों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष फुटबॉल मैदान को व्यवस्थित रूप से विकसित कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने एवं प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने विद्यालय भवन के कुछ हिस्सों में छत से पानी के रिसाव की समस्या भी देखी। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने तथा विद्यालय भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के उपरांत लौटने के क्रम में उपायुक्त सर्पदंश से प्रभावित एक परिवार के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही परिवार की एक बच्ची को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने की पहल करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि उसके शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।मौके पर सहायक समाहर्ता मेहता,अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।