बीरेन्द्र रॉय /हुगली
चुंचुड़ा के 20 नंबर वार्ड के प्रतापपुर इलाके में एक महिला की अस्वाभाविक मौत की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घर के बंद कमरे से 36 वर्षीय सानंदा बारीक का शव बरामद किया। घटना के बाद से उनके पति मोहन बारीक का कोई पता नहीं चल रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सानंदा बारीक और उनके पति मोहन बारीक पिछले करीब छह साल से प्रतापपुर इलाके के एक मकान में किराए पर रह रहे थे। गुरुवार को अचानक मकान मालिक ने घर का दरवाजा बंद देखा। काफी देर तक दरवाजा बंद रहने पर संदेह होने से उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर से सानंदा का शव बरामद किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शादी के बाद वह पत्नी और बच्चों के साथ प्रतापपुर इलाके में किराए पर रहते थे। लेकिन घटना के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा है।

वहीं, सानंदा के पिता के अनुसार, करीब 14 साल पहले उनकी बेटी ने मोहन से प्रेम विवाह किया था। इस घटना की खबर मिलने के बाद वह सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सभी लोगों से संपर्क था। लेकिन यह घटना कैसे हुई, इसके बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं है। बताया गया है कि सानंदा अपने मायके के मोहल्ले में ही पति के साथ किराए पर रहती थीं।

पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस पूरी घटना को लेकर चुंचुड़ा के प्रतापपुर इलाके में सनसनी फैली हुई है।