रफ़्तार मिडिया सोनाहातु संवाददाता
सोनाहातु- तमाड़ वन प्रक्षेत्र के बुसूडीह (तेंतरटांड़) गांव में रविवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने ग्रामीण सुरेश महतो के घर को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के दौरान परिजन किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस क्रम में दो ग्रामीणों को मामूली चोटें भी आईं और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।ग्रामीणों की सूचना मिलते ही सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो तत्काल बुसूडीह (तेंतरटांड़) पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना। विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार और वन विभाग पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देंगे।इस दौरान विधायक ने ग्रामीणों के बीच बम-पटाखा और टॉर्च का वितरण भी किया ताकि रात में हाथियों को भगाने में मदद मिल सके। उन्होंने मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मियों को निर्देश दिया कि पीड़ित परिवार को अविलंब मुआवजा दिलाया जाए और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए।ग्रामीणों ने विधायक के त्वरित सहयोग और समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में विधायक का गांव पहुंचना उनके लिए संबल बना है।