दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन: मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए बाराबनी युवा मंडल-8 के तत्वावधान में जीतपुर-उत्तरामपुर ग्राम पंचायत के नेताजी कॉलोनी कम्युनिटी हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्य अतिथि बाराबनी विधायक अरिजीत रॉय ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रक्तदान महादान है जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। शिविर में स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल, पश्चिम बंगाल और आसनसोल जिला अस्पताल की चिकित्सा टीम ने स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित तरीके से 25 यूनिट रक्त संग्रहित किया। यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार में काम आएगा। बाराबनी युवा मंडल ने सभी रक्तदाताओं, डॉक्टरों और सहयोगियों का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आगे भी होते रहेंगे।