चण्डीगढ़, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर देशभर में चल रहे “सरदार@150 पदयात्रा” अभियान के तहत आज बल्लभगढ़ में एकता और सद्भावना को समर्पित भव्य “यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने किया।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और नेतृत्व में देशभर में “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को सशक्त बनाने हेतु, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य “यूनिटी मार्च” (एकता मार्च) का आयोजन किया जा रहा है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान 31 अक्तूबर से 25 दिसंबर तक देश के प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र और जिले में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में युवा सहभागिता कर रहे हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का सशक्त संदेश दे रहे हैं।
गुर्जर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता के लिए विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर स्वतंत्र भारत का स्वरूप देने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि जब भारत-2047 में आज़ादी की सौवीं वर्षगांठ मनाएगा, तब भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में विष्व के समक्ष खड़ा होगा।
क्रमांक - 2025