देवघर: झारखंड सरकार (Jharkhand Government) ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (Maiya Samman Yojana) के तहत देवघर जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत दी है। योजना के सुचारु संचालन के लिए सरकार ने जिले को 382 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। इस फंड में अप्रैल और मई की बकाया राशि (Pending Amount) के साथ जून से सितंबर तक की अग्रिम (Advance) सहायता राशि भी शामिल है।

सरकार के इस फैसले के बाद योजना की लाभुक महिलाओं (Beneficiaries) को अगले कई महीनों तक भुगतान में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रत्येक माह निर्धारित समय पर सहायता राशि सीधे Bank Account में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।

देवघर जिले में फिलहाल करीब 2.41 लाख महिलाएं इस योजना का लाभ ले रही हैं। जिला प्रशासन ने अप्रैल और मई महीने की बकाया राशि के रूप में प्रति महिला 5,000 रुपये भेजने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सामाजिक सुरक्षा कोषांग (Social Security Cell) और ट्रेजरी (Treasury) के माध्यम से राशि ट्रांसफर करने का काम जारी है।

प्रशासन का कहना है कि 30 जून से पहले सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में बकाया राशि भेज दी जाएगी। केवल अप्रैल और मई की राशि के भुगतान पर सरकार लगभग 120 करोड़ रुपये खर्च करेगी। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिलाओं को समय पर आर्थिक सहायता मिलती रहे और भविष्य में भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।