स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी

पूर्वी चंपारण शिक्षा विभाग ने शिक्षिका रश्मि स्वराज के बकाया वेतन प्रकरण में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया है। विभाग ने मामले में प्रथमदृष्टया दोषी पाए गए अन्य अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की है।

शिक्षा विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को जिला शिक्षा कार्यालय परिसर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गायघाट (कन्या), हरसिद्धि की शिक्षिका रश्मि स्वराज के पति अरविन्द कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। कार्यालय कर्मियों, सुरक्षा गार्ड एवं अन्य लोगों के सहयोग से उन्हें तत्काल चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। शिक्षा विभाग ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

विज्ञप्ति में बताया गया कि शिक्षिका के लंबे समय से लंबित वेतन का संज्ञान लेते हुए विभाग ने नियमानुसार उनके बकाया वेतन का भुगतान करा दिया है। साथ ही वर्षों तक वेतन लंबित रहने के कारणों की जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) से संयुक्त जांच कराई गई।

जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथमदृष्टया दोषी पाए जाने पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गायघाट (कन्या) के वर्तमान प्रधानाध्यापक अमिन्द्र सिंह तथा तत्कालीन प्रधानाध्यापक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इसके अलावा हरसिद्धि के सेवानिवृत्त तत्कालीन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राम विनय यादव के विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। वहीं स्थापना शाखा के संचिका प्रभारी अमित कुमार सिंह से वेतन संबंधी संचिका वापस लेकर दूसरे लिपिक को सौंप दी गई है तथा उनके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर को प्रतिवेदन भेजा गया है।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्वी चंपारण जिले के सभी शिक्षकों के वेतन, बकाया वेतन, सेवान्त लाभ एवं अन्य सेवा संबंधी शिकायतों के निष्पादन के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव के स्तर पर प्रत्येक माह नियमित समीक्षा एवं सुनवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।