सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक AKM-47 रायफल, एक इंसास रायफल, एक 9 एमएम पिस्टल, 403 जीवित कारतूस, कोडेक्स वायर (विस्फोटक), वॉकी-टॉकी तथा अन्य सामान बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में माओवादी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस, कोबरा-203, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर को लोडेड AKM-47 के साथ गिरफ्तार किया।पूछताछ के आधार पर चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा से रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो तथा सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार किया गया। मीना पहाड़िया, रवि सिंह सरदार की पत्नी है।गिरफ्तार माओवादियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ के आसनबनी क्षेत्र से पुलिस बल से लूटी गई एक इंसास रायफल, AKM-47 के 208 अतिरिक्त कारतूस तथा तीन बंडल कोडेक्स वायर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दलमा क्षेत्र की कई नक्सली घटनाओं तथा कुकड़ू में पुलिस बल पर हमले और हथियार लूट की घटना में शामिल रहे हैं।इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने किया। संयुक्त टीम में सरायकेला पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा-203, सीआरपीएफ और एसएसबी के अधिकारी व जवान शामिल थे।