स्थान: मोतिहारी प्रखंड, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी

बिहार सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान एवं पंचायत स्तर के विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी प्रखंड अंतर्गत सिरसामाल पंचायत के पंचायत भवन में ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

ग्राम सभा में पंचायत स्तर के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीणों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुना गया। इसके बाद पंचायत के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, शिक्षा तथा अन्य स्थानीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

ग्राम सभा में पंचायत सचिव, मुखिया, ग्राम प्रधान, सभी वार्ड सदस्य, पंचायत स्तरीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपनी समस्याओं को ग्राम सभा के माध्यम से रखने की अपील की।