दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा:जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। पहली कारवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मट्टोड में विष्णु मंडल के घर पर की गई।छापेमारी के दौरान साइबर अपराध करते हुए विष्णु मंडल और सचिन महल को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सियाटांड़ एवं झिलुवा गांव के जंगल क्षेत्र से सागर नायक को पकड़ा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोकनियों में किशोर दास के घर पर की गई, जहां से किशोर दास और विश्वजीत दास को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, चार एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप तथा 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को क्रेडिट और डेबिट कार्ड बंद होने का डर दिखाते थे तथा गुप्त जानकारी हासिल कर फोनपे और गूगल पे के माध्यम से ठगी करते थे। इसके अलावा बिजली विभाग का अधिकारी बनकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर भी लोगों को ठगने का काम किया जाता था। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनमें से सागर नायक पूर्व में साइबर थाना जामताड़ा कांड संख्या 26/25 तथा किशोर दास कांड संख्या 47/20 में भी आरोपित रह चुका है। इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 29/26 एवं 30/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राजेश मंडल, मनीष कुमार गुप्ता, संजय कुमार सिंह, हीरालाल महतो सहित साइबर थाना के जवान शामिल थे।