मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत निमोनिया गांव स्थित ईंट मार्का IND ईंट भट्ठे पर श्रमिकों से संबंधित शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आलोक में श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने जांच की।
जांच के दौरान ईंट भट्ठा मालिक प्रमोद कुमार एवं ठेकेदार नासिर से संबंधित मामले की पड़ताल की गई। इस क्रम में श्रमिकों ने बताया कि वे अपनी स्वेच्छा से उत्तर प्रदेश से काम करने के लिए आए थे। उन्हें यहां लाने के लिए किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया था और न ही उनके साथ किसी तरह का शोषण हुआ था।
हालांकि, श्रमिकों ने बताया कि ईंट भट्ठे पर शौचालय, स्वच्छ आवास, चिकित्सा सुविधा तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए स्कूल की दूरी जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसी कारण वे अपने घर वापस जाना चाहते थे। श्रमिकों ने यह भी बताया कि वे तीन दिन पहले ही अपने घर से यहां पहुंचे थे और इस दौरान उन्होंने कोई काम नहीं किया था।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश ने सभी श्रमिकों को बिहार सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी की दर से तीन दिनों की मजदूरी का भुगतान कराया। इसके अतिरिक्त घर वापसी के लिए आने-जाने का खर्च भी दिलाया गया। साथ ही श्रमिकों को उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी कराई गई, ताकि उन्हें वापस लौटने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जांच के लिए गठित संयुक्त टीम में श्रम अधीक्षक सत्य प्रकाश के अलावा दिवाकर प्रसाद, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, सुगौली; संगीता कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, तुरकौलिया तथा हरिओम कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, रक्सौल शामिल थे।
इस कार्रवाई के माध्यम से श्रम विभाग ने श्रमिकों की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उनकी बुनियादी समस्याओं और घर वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित की।