रफ्तार मीडिया/ सिंगूर:केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिंगूर में किसानों से सीधा संवाद किया और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा की तृणमूल सरकार के शासन में बंगाल के किसानों की हालत बेहद खराब है। राज्य सरकार केंद्र की किसान हितैषी योजनाओं को किसानों तक पहुंचने ही नहीं दे रही। सिंगूर आंदोलन का जिक्र करते हुए शिवराज ने कहा कि सिंगूर की जमीन से ही किसानों के आंदोलन की शुरुआत हुई थी, लेकिन आज यहां के किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। तृणमूल ने सिर्फ वादे किए, जमीन पर काम कुछ नहीं किया। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और सभी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द बंगाल में भी बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। राज्य और केंद्र सरकार मिलकर किसानों के हित में जोर-शोर से काम करेंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।