बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी हरेलाल महतो ने शुक्रवार को झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी से रांची में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सांसद को राज्यसभा चुनाव में जीत की बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान हरेलाल महतो ने अंगवस्त्र ओढ़ाकर सांसद का सम्मान किया और झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाला स्मृति-चित्र भेंट किया। दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास, क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक एवं विस्तृत चर्चा हुई।

हरेलाल महतो ने इस अवसर पर विशेष रूप से ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, पेयजल संकट के समाधान, सिंचाई संसाधनों के विकास तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने सांसद को क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों, ग्रामीण इलाकों की चुनौतियों और लोगों की विकास संबंधी अपेक्षाओं से भी अवगत कराया तथा इन विषयों पर सकारात्मक पहल और सहयोग की अपेक्षा जताई।

हरेलाल महतो ने कहा कि परिमल नाथवानी का अनुभव और व्यापक दृष्टिकोण झारखंड के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सांसद राज्यसभा में झारखंड, विशेषकर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह मुलाकात केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं और विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की एक सार्थक पहल रही, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र को विकास की नई गति मिलने की उम्मीद है।