दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना के प्रवेश द्वार गेट नंबर 3 से लेकर रूपनारायणपुर के डाबोर मोड़ तक की जर्जर सड़क को लेकर चित्तरंजन रेलवेमेंस कांग्रेस ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संघ के महामंत्री इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार को सालानपुर प्रखंड के ब्लॉक विकास अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत, जीर्णोद्धार और मजबूतीकरण की मांग की गई। वर्षों से उपेक्षित, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क ज्ञापन में बताया गया कि डाबोर मोड़ से गेट नंबर 3 को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क पिछले कई वर्षों से उपेक्षित है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क की स्थिति और भी भयावह हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है, बल्कि वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।
हजारों रेलकर्मियों, व्यवसायियों और मरीजों की जीवनरेखा
यह मार्ग चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्कस का मुख्य पहुंच मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन दुर्गापुर, आसनसोल, कुल्टी, रूपनारायणपुर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों रेल कर्मचारी ड्यूटी पर आते-जाते हैं। इसके अलावा, सेवामुक्त रेलकर्मी जो रूपनारायणपुर व आसपास बसे हैं, वे भी चित्तरंजन के कस्तूरबा गांधी अस्पताल की चिकित्सा सुविधाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। स्कूली छात्र, स्थानीय व्यवसायी और एम्बुलेंस सेवाएं भी इस खस्ताहाल सड़क के कारण काफी परेशान हैं।
औद्योगिक उत्पादन और आपूर्ति पर भी असर
चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्कस देश की प्रमुख रेल इंजन निर्माण इकाई है। डाबोर मोड़ से गेट नंबर 3 तक का यह मार्ग कारखाने के लिए कच्चे माल और औद्योगिक आपूर्ति की आवाजाही का मुख्य कॉरिडोर है। सड़क की जर्जर स्थिति से माल ढुलाई प्रभावित हो रही है, जिससे राष्ट्रीय महत्व के इस कारखाने के उत्पादन गतिविधियों पर विपरीत असर पड़ने की आशंका है।
दुर्गा पूजा पर बढ़ेगा यातायात, शीघ्र कार्रवाई की अपील
ज्ञापन में विशेष रूप से उल्लेख किया गया है कि पश्चिम बंगाल का सबसे बड़ा उत्सव दुर्गा पूजा बेहद करीब है और इसकी तैयारियां जल्द ही शुरू होने वाली हैं। त्यौहार के दौरान इस मार्ग पर यातायात में भारी वृद्धि होगी। यदि समय रहते इस सड़क का जीर्णोद्धार नहीं किया गया तो हजारों राहगीरों, निवासियों और दर्शनार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्ञापन की प्रतिलिपि पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी, आसनसोल के उप-विभागीय अधिकारी, पीडब्ल्यूडी आसनसोल डिविजन के कार्यपालक अभियंता, चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्कस के महाप्रबंधक, मुख्य सिविल इंजीनियर तथा सालानपुर थाना प्रभारी को भी उचित समन्वय और आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। चित्तरंजन रेलवेमेंस कांग्रेस ने प्रशासन से इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क का कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने की पुरजोर अपील की है ताकि सुरक्षित व सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके।