राजु मंडल रफ्तार मीडिया संवाददाता /गांडेय
गांडेय प्रखंड के ताराटांड़ क्षेत्र में सीसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल गिरिडीह के प्राचार्य ओपी गोयल ने ताराटांड़ स्थित अग्रसेन पब्लिक स्कूल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और क्षेत्र में शिक्षा विकास की संभावनाओं का गहन अवलोकन किया। विद्यालय परिसर पहुंचने पर अग्रसेन पब्लिक स्कूल के निदेशक अनिल अग्रवाल ने प्राचार्य ओपी गोयल का स्वागत किया और उन्हें संस्थान की विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया।
*परिसर का निरीक्षण व मार्गदर्शन*
दौरे के दौरान प्राचार्य ओपी गोयल ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के साथ बैठक कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर अपने अनुभव साझा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
*क्षेत्र के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका*
प्राचार्य ओपी गोयल ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उच्च स्तरीय संसाधन उपलब्ध कराना समय की मुख्य आवश्यकता है।
*डीएवी की स्थापना को लेकर जताई इच्छा*
इस अवसर पर ताराटांड़ क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल की स्थापना की संभावना पर भी प्राचार्य ने सकारात्मक इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि यदि इस क्षेत्र में डीएवी की शैक्षणिक व्यवस्था का विस्तार होता है, तो आसपास के कई गांवों और क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा।
*प्रबंधन ने जताया आभार*
अग्रसेन पब्लिक स्कूल के निदेशक अनिल अग्रवाल ने प्राचार्य ओपी गोयल के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और बहुमूल्य सुझावों से संस्थान को नई दिशा मिलेगी। विद्यालय प्रबंधन क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को निरंतर बेहतर बनाने के लिए संकल्पित है।
इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।