कानपुर, संवाददाता राजन साहू।

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। विभाग ने गोविंद नगर में छापा मारकर 1 क्विंटल 20 किलो संदिग्ध खोया बरामद किया है, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी के अनुसार 24 अक्टूबर को सी-ब्लॉक गोविंद नगर में संदीप गुप्ता के परिसर में जांच की गई। परिसर में गंदे कपड़ों में लपेटकर रखा गया लगभग 1 क्विंटल 20 किलो खोया मिला। प्रथम दृष्टया खोया खराब और खाने योग्य नहीं लग रहा था।

टीम ने नियमानुसार मौके से एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए लैब भेज दिया। शेष बचे लगभग 1 क्विंटल 20 किलो खोया, जिसकी बाजार कीमत करीब 39 हजार रुपये आंकी गई है, को गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट ले जाकर विनष्ट कराया गया।

अधिकारियों का कहना है कि दीपावली और छठ के मद्देनजर शहर में खोया, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग मिलावटी और सड़ा-गला माल बेचने लगते हैं। विभाग ने आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ एफआईआर और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।