स्थान: मोतिहारी, पूर्वी चंपारण
संवाददाता: ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को सुबह 9:00 बजे मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा, जहां जिला प्रभारी मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह को आकर्षक बनाने के लिए गांधी मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, बैरिकेडिंग तथा वर्षा को देखते हुए परेड मार्ग की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने समाहरणालय परिसर, आसपास के मार्गों तथा नगर निगम क्षेत्र में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने को कहा। गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा समाहरणालय परिसर में स्थापित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण की तैयारियों की जिम्मेदारी जिला नजारत शाखा को सौंपी गई।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस परेड की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्य समारोह से एक-दो दिन पूर्व फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया जाएगा, ताकि सभी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को नगर में स्थापित विभिन्न महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के लिए पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने तथा जिले के महादलित टोलों में स्थानीय बुजुर्गों के हाथों ध्वजारोहण कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही इन कार्यक्रमों के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस समारोह का लाइव प्रसारण जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फेसबुक पेज और वेबकास्ट के माध्यम से कराने के लिए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला आईटी प्रबंधक को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त की शाम 5:00 बजे महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में सरकारी, निजी विद्यालयों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे। प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा स्क्रीनिंग के माध्यम से किया जाएगा।
बैठक में उप महापौर लालबाबू प्रसाद गुप्ता, नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अपर समाहर्ता शैलेन्द्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, डीसीएलआर इति चतुर्वेदी, वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी जिला सामान्य शाखा सुश्री निधि, एनडीसी प्रेमलता, ओएसडी अमरेश कुमार, निदेशक डीआरडीए, शिक्षा विभाग के अधिकारी, भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, स्काउट एंड गाइड के जिला आयुक्त, पुलिस कमांडेंट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।