बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल व्यवहार न्यायालय परिसर से नोटरी पब्लिक की फर्जी मोहर बनाकर दस्तावेज तैयार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का खुलासा होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले को न्याय व्यवस्था और आम लोगों के विश्वास से जुड़ा गंभीर अपराध माना जा रहा है। चांडिल व्यवहार न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सह भारत सरकार से लाइसेंस प्राप्त नोटरी पब्लिक अशोक कुमार झा ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से एक दस्तावेज प्राप्त हुआ। दस्तावेज पर उनके नाम की मोहर लगी हुई थी, लेकिन बारीकी से जांच करने पर पता चला कि वह उनकी अधिकृत मोहर नहीं, बल्कि उसकी हूबहू बनाई गई नकली मोहर थी। दस्तावेज पर उनके हस्ताक्षर भी नहीं थे।
अधिवक्ता अशोक कुमार झा ने बताया कि वे वर्षों से चांडिल व्यवहार न्यायालय में नोटरी पब्लिक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी अधिकृत मोहर से दस्तावेजों का सत्यापन होता है। ऐसे में यदि किसी ने उनकी नकली मोहर तैयार कर फर्जी दस्तावेज बनाना शुरू कर दिया है, तो इससे न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा प्रभावित होगी, बल्कि आम लोगों के साथ धोखाधड़ी और न्यायिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), चांडिल थाना, व्यवहार न्यायालय तथा चांडिल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सचिव को इसकी सूचना दी। साथ ही SDO को लिखित शिकायत सौंपते हुए अपनी वास्तविक नोटरी मोहर का नमूना और संदिग्ध दस्तावेज की प्रति भी उपलब्ध कराई।
शिकायत मिलने के बाद चांडिल थाना के एएसआई सुरेंद्र कुमार न्यायालय परिसर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने फर्जी दस्तावेज को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है तथा बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं और नोटरी से जुड़े कर्मियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली मोहर किसने तैयार की और उसका उपयोग किन-किन दस्तावेजों में किया गया।
इधर, चांडिल बार एसोसिएशन ने भी इस घटना पर गहरी चिंता और नाराजगी व्यक्त की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि नोटरी की फर्जी मोहर का इस्तेमाल केवल एक व्यक्ति की प्रतिष्ठा पर हमला नहीं है, बल्कि यह न्यायिक व्यवस्था और आम नागरिकों के विश्वास को कमजोर करने वाला गंभीर अपराध है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।