रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र रूपनारायणपुर स्थित धांगुरी मौजा का लगभग 50 वर्ष पुराना चितलडांगा खेल मैदान अचानक विवादों में घिर गया है। बुधवार देर रात अज्ञात तत्वों ने जेसीबी मशीनों से मैदान को पूरी तरह खोदकर गड्ढों और मलबे में तब्दील कर दिया। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं में भारी आक्रोश फैल गया। प्रतिदिन सौ से अधिक बच्चे और युवा इस मैदान में फुटबॉल व क्रिकेट का अभ्यास करते हैं। ग्रामीणों ने इसे भू-माफिया की साजिश करार देते हुए अपनी खेल संस्कृति और सामाजिक पहचान की रक्षा के लिए आर-पार के आंदोलन की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ, जमीन पर मालिकाना हक जताने वाले पक्ष का दावा है कि यह उनकी वैध रैयती संपत्ति है। घटना के बाद उत्पन्न तनाव को देखते हुए पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। प्रशासन ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि भूमि अभिलेखों की जांच और सरकारी पैमाइश पूरी होने तक उक्त मैदान पर किसी भी प्रकार के निर्माण या गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।