रफ्तार मीडिया संवाददाता /पवन गुप्ता

खलारी:  कोयला चोरी, अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार द्वारा चलाए जा रहे लगातार अभियान के तहत शुक्रवार की सुबह खलारी क्षेत्र के पूर्णाडीह माइनिंग साइट के समीप एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सीआईएसएफ एवं सीसीएल की संयुक्त टीम ने गुप्त आसूचना के आधार पर छापेमारी कर लगभग 10.6 टन अवैध कोयला बरामद किया, जिसे असामाजिक तत्वों द्वारा चोरी के उद्देश्य से जंगल एवं खदान क्षेत्र में छिपाकर रखा गया था।विश्वसनीय आसूचना प्राप्त होने के बाद सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट श्री अमित कुमार ने तत्काल संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उनके निर्देशानुसार उप कमांडेंट श्री अजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। अभियान में सहायक कमांडेंट श्री हर्ष लवानिया, निरीक्षक एल. एस. मिंज, निरीक्षक रश्मि, उप निरीक्षक अनिल कुमार राय, सीआईएसएफ क्राइम विंग के सदस्य तथा अन्य बल सदस्य शामिल रहे। सीसीएल की ओर से एएसओ श्री नितीश कुमार झा, एसआईएसएफ एवं सीसीएल सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।संयुक्त टीम ने पूर्णाडीह माइनिंग साइट एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान झाड़ियों एवं सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा गया लगभग 10.6 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सुनियोजित ढंग से संपन्न हुई तथा किसी प्रकार का विरोध या व्यवधान उत्पन्न नहीं हुआ। जब्त कोयले को विधिसम्मत कार्रवाई पूर्ण करने के बाद कमांडेंट श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।कमांडेंट  अमित कुमार ने कहा कि भारत सरकार द्वारा एमएमडीआर एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन के बाद अवैध कोयला कारोबार के विरुद्ध सीआईएसएफ को आवश्यक कानूनी अधिकार प्राप्त हुए हैं। इन अधिकारों का प्रभावी उपयोग करते हुए सीआईएसएफ लगातार अवैध कोयला खनन, चोरी, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में क्षेत्र में सक्रिय कोयला तस्कर सीसीएल के कोयले की चोरी कर सरकार को प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाते थे, लेकिन अब लगातार की जा रही कार्रवाई से ऐसे तत्वों में भय का वातावरण बना है और उनके अवैध नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ की इस मुहिम को स्थानीय ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। क्षेत्र के जागरूक नागरिक अब अवैध कोयला गतिविधियों की सूचना समय-समय पर उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे संयुक्त अभियान और अधिक प्रभावी हो रहे हैं। सीसीएल प्रबंधन एवं सीआईएसएफ के बेहतर समन्वय का परिणाम है कि राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है तथा सरकारी राजस्व की रक्षा में भी उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।
सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध एमएमडीआर एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने तथा राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीआईएसएफ और सीसीएल का संयुक्त अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।