आसनसोल: पश्चिम बंगाल राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद हीरापुर-बर्नपुर इलाके में सेल आईएसपी अपनी जमीन पर बने अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार सुबह से आईएसपी के अधिकारियों ने अपर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय और बर्नपुर गुरुद्वारा के पास स्थित माकपा कार्यालय पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। सेल आईएसपी अधिकारियों ने बताया कि इन राजनीतिक कार्यालयों को पहले ही दूसरी जगह स्थानांतरित करने के लिए नोटिस दिया गया था। पार्टी कार्यालयों को नहीं हटाए जाने पर आईएसपी को शुक्रवार को इन्हें गिराने का फैसला लेना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से आईएसपी अपनी जमीन पर बने कई अवैध निर्माण गिरा रहा है। इनमें कई राजनीतिक दलों के कार्यालय भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।