डॉ विभूति सिंह/भागलपुर
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले से पहले मुंगेर सीमा के कमराय स्थित कच्ची कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का विशेष केंद्र तैयार किया जा रहा है। यहां बन रही विशाल शिव सुरंग अंतिम चरण में है। इस सुरंग से होकर लाखों कांवरिया बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होंगे।सुरंग का निर्माण डलिया, कार्टून, जूट के बोरे सहित अन्य सामग्रियों से किया जा रहा है। इसके भीतर भगवान भोलेनाथ का भव्य स्वरूप तैयार किया जा रहा है। शिव की जटाओं से बहती गंगा की अविरल धारा का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएगा। वहीं गुफा के अंदर पर्वतीय वातावरण, आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंखों की भी व्यवस्था की जा रही है।इस भव्य सुरंग का निर्माण नालंदा के उत्सव डेकोरेटर के कारीगरों द्वारा एम.एस. रंजीत कुमार (हिलसा, नालंदा) कंपनी की देखरेख में किया जा रहा है। कंपनी के मैनेजर पिंटू कुमार ने बताया कि इस वर्ष कांवरियों को आस्था के साथ-साथ एक यादगार और दिव्य आध्यात्मिक अनुभव भी मिलेगा। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और श्रावणी मेले से पहले इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।