दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 


दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जामताड़ा में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्यव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित विरोध-प्रदर्शन में झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। झामुमो के जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में दुमका रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में झंडे और बैनर लेकर पैदल मार्च पर निकले। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए इंदिरा चौक पहुंचा। पूरे रास्ते कार्यकर्ता केंद्र सरकार होश में आओ मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते रहे। प्रदर्शन के दौरान इंदिरा चौक का माहौल नारों से गूंजता रहा। इंदिरा चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किसी भी लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं हो सकता। सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरे राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन कर छात्रों और युवाओं के साथ अपनी एकजुटता जता रहा है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन उनकी आवाज सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। वहीं वरिष्ठ नेता प्रोफेसर कैलाश प्रसाद ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुई कथित घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति की आवाज का सम्मान होना चाहिए और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जनता आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की आवाज को इसी तरह दबाने का प्रयास जारी रहा तो पार्टी भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगी। मौके पर आनंद टुडू, लालू अंसारी, रहीम अंसारी, सादिक अंसारी, बासुदेव मरांडी, ताहा, अमित मंडल, विजय राउत, विक्रांत दास, शफीक अंसारी, आलम अंसारी सहित बड़ी संख्या में झामुमो के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।