बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

ईचागढ़ विधायक सबिता महतो ने विधानसभा में चांडिल डैम से प्रभावित विस्थापितों के पुनर्वास, मुआवजा और सिंचाई व्यवस्था का मुद्दा उठाया। सरकार ने जवाब में बताया कि डैम से 116 गांव प्रभावित हुए हैं, जिनमें 38 पूर्ण और 78 आंशिक रूप से प्रभावित हैं। कुल 19,177 विस्थापित परिवार प्रभावित हुए हैं। सरकार के अनुसार, 15,221 परिवारों की विकास पुस्तिका तैयार की गई है। आवास निर्माण अनुदान के 13,965 पात्र परिवारों में 12,852 को भुगतान हो चुका है, जबकि 1,113 का भुगतान लंबित है। वहीं 22 पुनर्वास स्थलों में केवल 13 का आंशिक विकास हुआ है और नौ अब भी अविकसित हैं।वहीं लिफ्ट सिंचाई को लेकर सरकार ने बताया कि मैसाड़ा सुवर्णरेखा डैम से करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा पहुंचाने पर लगभग 50 गांवों को लाभ मिल सकता है। इसके अलावा नीमडीह व कुकड़ू की 14 पंचायतों की करीब 9,336 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई के लिए योजना सरकार के विचाराधीन है। विधायक सबिता महतो ने कहा कि सरकार का जवाब संतोषप्रद नहीं है। विभाग द्वारा आज तक सिंचाई के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने विस्थापितों के हित में 116 गांव के लंबित पुनर्वास एवं अन्य कार्यों को शिविर लगाकर शीघ्र पूरा कराने के लिए विभाग को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।