जबलपुर । राजनाथ सिंह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज जबलपुर स्थित व्हीकल फैक्ट्री (VFJ) में 472 करोड़ रुपये की लागत वाली टी-सीरीज टैंक ओव्हरहॉल परियोजना का भूमिपूजन किया। इस दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डायनामिक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग के परिणाम स्वरूप भी मध्यप्रदेश में रक्षा मंत्रालय की कई परियोजनाएं समय-सीमा में आकार ले रही हैं। 


केंद्रीय रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि जबलपुर में 'टी-सीरीज टैंक ओव्हरहॉल प्रोजेक्ट इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि जंग में इन्हीं टैंक के सहारे हमारे जवान दुश्मन को नेस्तनाबूत कर देते हैं। वैश्विक स्तर पर युद्ध की नई तकनीक विकसित हो चुकी है। ऐसे में सेना को निरंतर अपग्रेड रखना जरूरी है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक जंग के तरीकों में ड्रोन, मिसाइल और सायबर तकनीक शामिल हैं, लेकिन लड़ाई में आज भी टैंक की प्रासंगिकता खत्म नहीं हुई है।
 

उन्होंने आगे कहा कि टैंक ग्राउंड ऑपरेशन में जवानों को आगे बढ़ने में मदद करते हैं। टैंक की भूमिका तकनीक के विकास के साथ बदल रही है। हमारे जवानों के पास ड्रोन भी हो और आधुनिक तकनीक वाले टैंक भी हों और दोनों के बीच बेहतर समन्वय हो, हम इसी रणनीति पर कार्य कर रहे हैं। जबलपुर की यह परियोजना स्थानीय लोगों को रोजगार और छोटे उद्यमियों के लिए नए अवसर उपलब्ध कराएगी। जबलपुर नई टेक्नोलॉजी के साथ डिफेंस मैन्यूफैक्चरिंग में हब बनेगा।

भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर : सीएम डॉ यादव 
 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के सतत प्रयासों से भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। रक्षामंत्री सिंह का संकल्प वज्र के समान अडिग है। उनके नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर दुनिया को नए भारत की शक्ति और पराक्रम का परिचय दिया है।

 रक्षामंत्री सिंह केवल लक्ष्य तय नहीं करते, बल्कि उन्हें हासिल करने का विश्वास भी देते हैं। भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड के माध्यम से प्रदेश को मिली बड़ी सौगात के बाद अब जबलपुर में आरंभ हो रही "टी-सीरीज टैंक ओव्हरहॉल परियोजना" देश की रक्षा क्षमता को और मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।