दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता करमाटांड़ जामताड़ा

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जामताड़ा के निर्देशानुसार सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, उपयोगिता एवं चुनौतियों के आकलन को लेकर शुक्रवार को राजकीयकृत गुलाब राय गुटगुटिया प्लस टू विद्यालय, करमाटांड़ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (सी-3) के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी उमेश कुमार मंडल ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं की 15-15 छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर योजना की वास्तविक पहुंच, लाभ और उससे जुड़े अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के उद्देश्य, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस अवसर पर छात्राओं को विभिन्न व्यावसायिक एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप उपलब्ध कैरियर विकल्पों पर चर्चा करते हुए उच्च शिक्षा एवं स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया गया। छात्राओं के शैक्षणिक, कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार ने सक्रिय सहयोग दिया। मौके पर सीआरपी राजेश गुप्ता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक रितेश कुमार सहित अन्य शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित थीं।