सौरभ राय/रांची: राजधानी रांची में रविवार को राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने पार्टी के भविष्य की रणनीति और संगठन विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
*‘राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल करना हमारा लक्ष्य'- तेजस्वी यादव*
कार्यकर्ताओं को तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष के रूप में उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिली है और अब पार्टी का मुख्य लक्ष्य राजद को पुनः राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
*देशभर में संगठन विस्तार की है तैयारी*
तेजस्वी यादव ने राजद कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए बताया कि पार्टी अब बिहार और झारखंड तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे देश में अपने संगठन का विस्तार करेगी। उन्होंने कहा कि केरल में राजद मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और अन्य राज्यों में भी संगठन को खड़ा कर चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी चल रही है।
*झारखंड में अधिक सीट अगर मिलती तो उनमें भी पार्टी जीत हासिल करती*
झारखंड के संदर्भ में तेजस्वी यादव ने कहा कि यदि पार्टी को पिछली बार अधिक सीटें मिलतीं तो प्रदर्शन और बेहतर हो सकता था। उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा की धरती पर भाजपा को रोकने में राजद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।उन्होंने कहा कि जनता की इच्छा है कि पार्टी अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़े और इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।
*परिसीमन और भविष्य की रणनीति*
आगामी परिसीमन का जिक्र करते हुए मौके पर तेजस्वी यादव ने परिसीमन का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में राजद को राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए संगठनात्मक रूप से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी पूरे राज्य में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।
*केंद्र और बिहार सरकार पर साधा निशाना*
केंद्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भविष्य में राजद के नेतृत्व में सरकार बनने की संभावना है।बिहार के संदर्भ में उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का जनादेश उनके पक्ष में था, लेकिन सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के कारण एनडीए ने सत्ता हासिल की।
*झारखंड सरकार में गठबंधन है मजबूत*
झारखंड में चल रही महागठबंधन सरकार को लेकर कयास के बीच राज्य सरकार में सहयोगी दल राजद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार में राजद अहम सहयोगी की भूमिका निभा रही है और गठबंधन पूरी तरह मजबूत है।
*कार्यक्रम में प्रदेश राजद नेताओं की रही उपस्थिति*
मौके पर राजद प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश नारायण यादव, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, राज्य सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक सुरेश पासवान, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, युवा राजद अध्यक्ष रंजन यादव, प्रदेश प्रवक्ता अनिता यादव, प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव, युवा राजद प्रवक्ता क्षितिज मिश्रा और रश्मि सिंहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।