दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा शहर स्थित सेंट एंथनी विद्यालय में शनिवार को छात्र परिषद् के अलंकरण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना एवं उत्तरदायित्व का विकास करना था। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया तथा नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों का परिचय कराया गया। समारोह में छात्र परिषद् के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को पद-पट्टिकाएं एवं प्रतीक-चिह्न प्रदान कर उनके दायित्वों का औपचारिक निर्वहन कराया गया। हेड बॉय सोनू शाही, हेड गर्ल श्रद्धा पंडित, स्कूल कप्तान रितेश भंडारी एवं रिया मंडल, स्कूल उप-कप्तान पूजा मंडल एवं अरविंद मुर्मू, गॉड्स ऑनर प्रिया मुर्मू एवं नीतू राज के साथ-साथ हाउस कप्तान प्रियंका सरकार, राखी कौर, रणबीर दास एवं निशिकांत मंडल ने शपथ ग्रहण कर विद्यालय के अनुशासन, आदर्शों एवं मूल्यों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके अलावा विद्यालय की बाल संसद के विभिन्न पदों पर चयनित छात्र-छात्राओं को भी उनके दायित्व सौंपे गए। समारोह के मुख्य अतिथि पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, साहिबगंज के विज्ञान शिक्षक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपने आचरण, अनुशासन और कार्यशैली से दूसरों को प्रेरित करना है। उन्होंने छात्रों से जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गादास भंडारी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और नेतृत्व विकास की आधारशिला भी है। छात्र परिषद् विद्यार्थियों को जिम्मेदारी निभाने और भविष्य का सक्षम नागरिक बनने का अवसर प्रदान करती है। विद्यालय की निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आदर्श नेतृत्व सेवा, अनुशासन, समर्पण और नैतिक मूल्यों से परिभाषित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की।समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों के सफल एवं प्रेरणादायी नेतृत्व की शुभकामनाएं दीं। मौके पर विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी, शैक्षणिक प्रमुख दीपक कुमार मंडल, उप-प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।