पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बिहार की बांकीपुर विधानसभा में भव्य रोड शो (Road Show) और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एनडीए समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर बड़े पद तक पहुंच सकता है।

जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नीरज कुमार सिन्हा ने बूथ स्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की और आज संगठन ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन के प्रति समर्पण को प्राथमिकता दी जाती है।

उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन (Good Governance) और मजबूत संगठन के साथ खड़ी है। उन्होंने लोगों से 30 जुलाई को कमल के निशान (Lotus Symbol) पर मतदान कर एनडीए प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।

अपने संबोधन में भाजपा अध्यक्ष ने बिहार में सड़कों, फ्लाईओवर, मरीन ड्राइव (Marine Drive), बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने राज्य के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि पहले जिन क्षेत्रों में जाम और बुनियादी सुविधाओं की समस्या थी, वहां आज बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर (Infrastructure) का विकास हुआ है।

नितिन नवीन ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण (Women Empowerment) का भी जिक्र करते हुए कहा कि आज महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने जीविका समूहों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता अब पुराने दौर की राजनीति में वापस नहीं जाना चाहती। जनता विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के साथ आगे बढ़ना चाहती है।

कार्यक्रम में बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, लोकसभा सांसद रविशंकर प्रसाद, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, ‘हम’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।