दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।


युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत जामताड़ा द्वारा रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' संकल्प अभियान के तहत आश्रम बालिका आवासीय विद्यालय, जामताड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माय भारत जामताड़ा की उपनिदेशक उत्तरा विश्वास, विद्यालय की प्राचार्या मर्सीला मरांडी एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपनिदेशक ने विद्यालय की प्राचार्या को मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या मर्सीला मरांडी ने छात्राओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव हैं। वही माय भारत जामताड़ा के उपनिदेशक उत्तरा विश्वास ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में माय भारत देशभर के युवाओं को नशा मुक्त भारत के संकल्प से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को स्वयं नशा नहीं करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरणादायी वर्चुअल संबोधन लाइव देखा। संबोधन के बाद नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से भी नशा मुक्ति का संदेश दिया। अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा सभी ने सामूहिक रूप से "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार और माय भारत जामताड़ा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर शिक्षक पवन कुमार, इंद्राणी पांडे, रुचि राजहंस, बबीता हांसदा, सुजीत कुमार, नागेंद्र मिश्रा, अंजली मिंज, मिथुन महतो सहित अन्य उपस्थित थे।