सरायकेला: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) एवं सीबीएसई की मार्किंग प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग तथा नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को सरायकेला के गैराज चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।प्रदर्शन में झामुमो की केंद्रीय समिति, जिला, नगर, प्रखंड, पंचायत समितियों एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग उठाई गई।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. शुभेन्दु महतो ने आरोप लगाया कि नीट-2026 और सीबीएसई मूल्यांकन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार समाधान के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया और कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य गणेश महली, सुधीर महतो, विशु हेम्ब्रम, रानी हेम्ब्रम, नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कबी, वैद्यनाथ टुडू, भोला मोहंती, धरमु गोप, हरिहर लोहार, भुगलू सोरेन, शंभू आचार्य, सुरेश हेम्ब्रम, कृष्णा राणा सहित बड़ी संख्या में झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।