फतह सिंह उजाला
मानेसर 25 जुलाई। नगर निगम मानेसर की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने शनिवार को वार्ड 19 के सेक्टर-83 में सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। करीब 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण नगर निगम मानेसर की ओर से कराया जाएगा। मेयर ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद रवि यादव सहित नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने कहा कि नगर निगम मानेसर का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। अच्छी सड़कें ने केवल लोगों की आवाजाही को आसान बनाती हैं, बल्कि आर्थिक विकास को भी गति देती है। सेक्टर 83 के निवासियों की लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग थी। क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए निगम ने इस कार्य को प्राथमिकता दी है। सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और बरसात के दौरान जलभराव व खराब रास्तों की समस्या भी काफी हद तक खत्म होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए।
इस मौके पर पार्षद रवि यादव ने मेयर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत करते हुए कहा कि सेक्टर-83 के निवासियों को इस सड़क निर्माण से लाभ मिलेगा। वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण कार्य के शुरू होने पर खुशी व्यक्त की।