नई दिल्ली – हर साल 15 अगस्त को भारत आजादी का पर्व पूरे जोश और गर्व के साथ मनाता है। लाल किले से लेकर गांव-गांव की चौपाल तक तिरंगा अपनी पूरी आभा के साथ लहराता है। यह दिन सिर्फ एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन लाखों शहीदों की कुर्बानियों का स्मरण है, जिन्होंने हमें स्वतंत्रता दिलाने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया।
अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि इस साल हम कौन-सा स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं – 78वां या 79वां? इसका जवाब सीधा है – इस बार 15 अगस्त 2025 को हम आजादी के 78 साल पूरे कर रहे हैं, यानी यह 79वां स्वतंत्रता दिवस है।
गणना को समझें तो 15 अगस्त 1947 को भारत आजाद हुआ और उसी दिन पहला स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। अगले साल, यानी 15 अगस्त 1948 को दूसरा स्वतंत्रता दिवस आया। इसी तरह क्रम जारी रहा और 2024 में हमने 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाया था। अब 2025 में आजादी के 78 साल पूरे होने पर 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा।
यह अवसर सिर्फ गिनती का नहीं, बल्कि ‘शून्य से शिखर’ तक पहुंचे भारत की कहानी का प्रतीक है। विभाजन के घावों से उबरते हुए देश ने मजबूत लोकतंत्र की नींव रखी, कृषि और उद्योग में आत्मनिर्भरता हासिल की, विज्ञान और अंतरिक्ष में नई ऊंचाइयां पाईं।
यह दिन हमें महात्मा गांधी के अहिंसक आंदोलन, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस जैसे क्रांतिकारियों की वीरता, और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता की याद दिलाता है। 79वां स्वतंत्रता दिवस हमें यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम अपने देश को और अधिक सशक्त, समृद्ध और एकजुट बनाएंगे।