पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी दिलीप रॉय की सोमवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी रायगंज के परापुकुर गांव में छिपा हुआ था. उसे पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उसने गोली चला दी। गोली पुलिस वैन के टायर में लगी. इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिलीप रॉय घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. जानकारी के मुताबिक, बच्ची 3 नवंबर को साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. दो दिन बाद 5 नवंबर को कुलिक नदी के पास जंगल में उसका शव मिला. परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था. पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची का रिश्तेदार दिलीप रॉय उसे नदी दिखाने के बहाने जंगल ले गया था। घटना के बाद से ही वह फरार था. पुलिस को सोमवार तड़के करीब दो बजे सूचना मिली कि आरोपी बिहार सीमा के पास छिपा है और बिहार के रास्ते बंगाल से भागने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद पुलिस ने परापुकुर इलाके में छापेमारी की. इस बीच पश्चिम बंगाल में अपराध के आंकड़े भी चर्चा में हैं. RTI के जवाब में राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के मुताबिक, 1 मई से 24 सितंबर के बीच राज्य में दुष्कर्म के 2,454 और हत्या के 600 मामले दर्ज किए गए. इसके अलावा हत्या की कोशिश के 13,114 और गंभीर चोट पहुंचाने के 32,341 मामले सामने आए. ये आंकड़े TMC नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले द्वारा दाखिल RTI के जवाब में सामने आए हैं. वहीं, राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ में आरोपी की मौत का यह चौथा मामला बताया जा रहा है. राज्य मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कानून तोड़ने वालों को पुलिस का सामना करना पड़ेगा.