रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

मिहिजाम हिल रोड मोड़ से चित्तरंजन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर रोजाना लग रहे भीषण ट्रैफिक जाम से आम जनता त्रस्त है। इस गंभीर समस्या से राहत दिलाने के लिए समाजसेवी कृष्णा राम ने जामताड़ा के जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपकर तुरंत प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला यह नेशनल हाईवे बेहद व्यस्त मार्ग है। यहां अव्यवस्थित यातायात के कारण रोजाना लंबा जाम लग रहा है। इस वजह से कई यात्रियों की ट्रेनें छूट रही हैं, एंबुलेंस फंस रही हैं और स्कूली बच्चों व दैनिक यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है। समस्या के समाधान के लिए कृष्णा राम ने मुख्य मांगें रखी है कि व्यस्ततम मार्ग पर नियमित ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती हो। सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए। ऑटो और टोटो चालकों के लिए अलग से स्टैंड निर्धारित किया जाए। स्थानीय निवासियों ने भी इस जनहित और सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर स्थायी समाधान की मांग का समर्थन किया है।