भोपाल। यात्रियों की समस्याओं को सुनने, उनके सुझाव प्राप्त करने तथा रेल सेवाओं एवं यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल में आज विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रेल अधिकारियों ने यात्रियों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की।
 

                     भोपाल रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने यात्रियों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, प्रतीक्षालय तथा अन्य यात्री सेवाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।
 

         मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यात्रियों, रेलकर्मियों एवं मीडिया से प्राप्त सकारात्मक सुझाव रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए महत्त्वपूर्ण हैं। 'रेल जन संवाद' जैसी पहल से रेलवे प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संपर्क बढ़ने के साथ सेवाओं को अधिक यात्री-केंद्रित बनाने में सहायता मिलेगी।
 

                   डीआरएम त्यागी ने जनसंवाद कार्यक्रम के पश्चात भोपाल स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की।
 

        नर्मदापुरम स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने यात्रियों से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों को रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्टेशन विकास एवं पुनर्विकास कार्यों, स्वच्छता, सुरक्षा तथा यात्री हित से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी गई। यात्रियों से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के माध्यम से यात्री सुविधाओं में सुधार तथा रेल सेवाओं को अधिक सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया।