कानपुर, संवाददाता राजन साहू:  थाना बेकनगंज पुलिस ने 'रहनुमा ज्वेलर्स' में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम फुरकान है। वह लोगों से जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया था और तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बेकनगंज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि 'रहनुमा ज्वेलर्स' और उसके सहयोगियों के खिलाफ थाना बेकनगंज में धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि आरोपी ने कई लोगों को निवेश और जेवर के नाम पर झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।