रिपोर्ट रोहित कुमार/बिजनौर

बिजनौर के थाना कोतवाली शहर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 16 सितंबर को काली माता मंदिर रोड स्थित हिलर्स हॉस्पिटल के पास हुई थी। मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा है।

पुलिस ने फायरिंग की घटना में आम जनता के बीच भय और दहशत का माहौल पैदा होने के संबंध में 19 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में धारा 109(1) बीएनएस और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मामले में आकाश निवासी कनखेड़ी, थाना धामपुर और हिमांशु निवासी पयोहारा गिरधर, थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आकाश के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है, जिसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है। वहीं हिमांशु के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ है। अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 बढ़ाई गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि फायरिंग के दौरान दोनों पक्षों की ओर से जवाबी फायरिंग हुई थी, जिसमें पिकअप वाहन का पिछला शीशा टूट गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों पक्ष मौके से फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल वाहन और अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।