सौरभ राय/ रांची: भाजपा कल अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाएगी। इस अवसर पर राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पार्टी की विचारधारा, इतिहास और उपलब्धियों को लेकर चर्चा होगी।स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस खास अवसर पर पार्टी के लाखों कार्यकर्ता और समर्थक अपने अपने घरों पर भाजपा का ध्वज लगाकर उत्सव मनाएंगे।
*विचारधारा और उपलब्धियों पर होगा मंथन*
स्थापना दिवस कार्यक्रम के संयोजक सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया प्रदेश एवं जिला मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पिछले लगभग 12 वर्षों में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों और नीतियों को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।साथ ही विभिन्न भाजपा शासित राज्यों में लागू की गई लोक कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी कार्यकर्ताओं के बीच साझा किया जाएगा।
*प्रदेश नेतृत्व की रहेगी उपस्थिति*
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।
*‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प पर जोर*
भाजपा नेताओं ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं को इस दिशा में और अधिक सक्रिय होकर योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।