बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के सालनपुर ब्लॉक स्थित अचरा स्कूल मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। वे बीजेपी प्रत्याशी अरिजीत रॉय के समर्थन में पहुंचे थे। योगी आदित्यनाथ ठीक 12 बजे अंडाल एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा अचरा स्कूल मैदान पहुंचे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त जोश दिखा। पूरे मैदान में 'जय श्री राम' और 'भारत माता की जय' के नारे गूंज उठे। सभा को संबोधित करते हुए योगी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्ता में आई तो करप्शन, गुंडागर्दी, अराजकता, ज़ुल्म और लूटपाट बंद हो जाएगी। बंगाल अब चुप नहीं रहेगा। खेल बंद होगा और डेवलपमेंट शुरू होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का हवाला देते हुए कहा, इस बार बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी। तभी उत्तर प्रदेश की तरह बंगाल में भी विकास का काम शुरू होगा।
बंगाल के गौरव को किया याद
अपने संबोधन की शुरुआत में योगी ने कल्याणेश्वरी मंदिर और घाघरबुरी मंदिर की अधिष्ठात्री देवियों को नमन किया। उन्होंने आज़ादी की लड़ाई में बंगाल के योगदान को याद करते हुए कहा, "बंगाल की इसी मिट्टी ने रवींद्रनाथ टैगोर, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जैसे लेखकों, सुभाष चंद्र बोस जैसे महान नेताओं, विवेकानंद जैसे संतों को जन्म दिया। यह मिट्टी रामकृष्ण परमहंस और स्वामी प्रणबानंद की मिट्टी है। इसी बंगाल ने पूरे देश को राष्ट्रगान दिया। योगी ने कहा कि एक समय देश की GDP का एक बड़ा हिस्सा बंगाल के उद्योग, व्यापार और खेती से आता था। उन्होंने आरोप लगाया, पहले कांग्रेस, फिर लेफ्ट और अब तृणमूल कांग्रेस ने उस गर्व करने वाली मिट्टी को खराब कर दिया है। बंगाल में सिर्फ लूट, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति चल रही है।
किसानों का मुद्दा उठाया
मुख्यमंत्री योगी ने बंगाल के किसानों की दुर्दशा का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "बंगाल के किसानों को आलू का दाम नहीं मिल रहा है। उत्तर प्रदेश में किसानों को आलू का भाव 15 से 16 रुपये प्रति किलो मिल रहा है, वहीं बंगाल में किसान आलू 1 से 2 रुपये प्रति किलो बेचने को मजबूर हैं।
यूपी मॉडल की दी मिसाल
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों को गिनाते हुए कहा, यूपी में नए उद्योग लगे हैं। व्यापार बढ़ा है। लाखों लोगों को आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले हैं। अच्छी स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं दी गई हैं। अकेले सरकारी सेक्टर में 9 लाख नौकरियां बनी हैं। प्राइवेट सेक्टर में 3 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल में भी बीजेपी सरकार बनने पर इसी तरह का विकास होगा। गुंडागर्दी खत्म होगी और युवाओं को रोजगार मिलेगा। किसानों को फसल का सही दाम मिलेगा। सभा के दौरान मौजूद हजारों की भीड़ ने योगी के भाषण पर जमकर तालियां बजाईं। बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि योगी की इस रैली से बाराबनी समेत पूरे आसनसोल क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी।