दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत शनिवार को जामताड़ा प्रखंड कार्यालय परिसर में बूथ लेवल अधिकारियों के बीच गणना संबंधी प्रपत्रों का वितरण किया गया। इस दौरान अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। प्रपत्र वितरण का कार्य सुपरवाइजर राजेश झा, बापि दत्ता, प्रकाश मुर्मू एवं नारायण पंडित स्वर्ण मरांडी की देखरेख में संपन्न हुआ। सभी बीएलओ को उनके संबंधित मतदान केंद्रों के अनुसार गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए, ताकि क्षेत्र में निर्धारित समय-सीमा के भीतर घर-घर जाकर आवश्यक जानकारी का संकलन किया जा सके। सुपरवाइजरों ने बीएलओ को निर्देश दिया कि वे पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सावधानी के साथ सर्वेक्षण कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति की जानकारी का सही ढंग से संकलन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, इसलिए सभी अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करना चाहिए। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय में बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे। वितरण कार्य सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि सभी बीएलओ निर्धारित समय के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करेंगे, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहायता मिलेगी।