_संवाददाता राजन साहू,_
*कानपुर, 27 अगस्त।* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद कानपुर नगर निगम ने मार्ग प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 5 जोन के 11 स्विचमैनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
*शिकायतों का निस्तारण नहीं करने का आरोप*
निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार जोन-1, 2, 3, 4 और 6 में तैनात इन स्विचमैनों पर जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण न करने, ड्यूटी में लापरवाही बरतने और मोबाइल पर ही शिकायतों को निस्तारित दिखाने का आरोप है। इनकी वजह से शहर में मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं चल पा रही थी।
*पहले भी दिए गए थे निर्देश*
अधिकारियों के मुताबिक कर्मचारियों को पूर्व में भी कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उसके बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। लगातार मिल रही शिकायतों और पार्षदों के विरोध के बाद निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।
*पार्षदों ने उठाए थे सवाल*
हाल ही में हुई जोनवार बैठकों में पार्षदों ने भी मार्ग प्रकाश विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि अंधेरे के कारण लोगों को रात में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री की फटकार के बाद निगम हरकत में आया।
*जांच अधिकारी नियुक्त*
नगर आयुक्त ने मामले की जांच के लिए अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
*व्यवस्था सुधारने के निर्देश*
नगर आयुक्त ने सभी जोन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्ग प्रकाश से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।