सिद्धार्थनगर। पवित्र श्रावण मास के चतुर्थ सोमवार के अवसर पर नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर-05 अटल नगर (दक्षिण डीह बिस्कोहर) स्थित लिप्टेश्वर नाथ महादेव मंदिर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में नगर एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, माताएं-बहनें, व्यापारी, किसान और युवा शामिल हुए।
कांवड़िए जयकारे लगाते हुए परसोहन घाट पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरा। इसके बाद कांवड़ यात्रा वापस लिप्टेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। शांतिपूर्ण एवं सकुशल कांवड़ यात्रा संपन्न कराने पर आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
श्रद्धालुओं ने कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।
हर हर महादेव!